Sunday, April 19th, 2026

मध्यप्रदेश में भीषण हादसा, गुना में जहरीली गैस से 5 लोगों की मौत, मच गया कोहराम

 गुना 

मध्यप्रदेश में भीषण हादसा हुआ है। यहां जहरीली गैस रिसने से कई लोगों की मौत हो गई है। प्रदेश के गुना में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एक कुएं में जहरीली गैस रिसी जिससे एक के बाद एक कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है।

गुना में गाय को बचाने में पांच लोगों के जान जाने की खबर सामने आई है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जान जाने की वजह कुएं से रिसने वाली जहरीली गैस है, जिसे सूंघने से पांचों का दम घुटा और बाहर आने से पहले ही दम तोड़ दिया। ये भयानक हादसा धरनावदा गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ है।

जानकारी के मुताबिक यह कुआं आम के बाग में बना हुआ है। मंगलवार सवेरे ठेकेदार के लोग आम तोड़ने पहुंचे थे, तभी गाय का एक बछड़ा वहां घूमते-फिरते आया और कुएं में गिर गया। इसके बाद उसे बचाने के लिए एक के बाद एक करके छह लोग कुएं में उतरे। मगर नीचे पहुंचते ही सब एक जैसी समस्या से जूझने लगे। सबका दम घुटने लगा। चारो तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आनन-फानन में मौके की जानकारी एसडीआरएफ समेत पुलिस और प्रशासन की अन्य यूनिट को दी गई। घटना की सूचना पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी अंकित सोनी, GAIL की CISF यूनिट, SDERF समेत पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। एक एक कर शवों को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।

गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि कुएं में संभवतः कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस का रिसाव हुआ है। पर अभी लैब टेस्ट करवा रहे हैं, उसके बाद ही और साफ हो पाएगा। एसडीआरएफ टीम के मुताबिक, कुएं में करीब 12 फीट पानी है। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही थीं, लेकिन फिर टीम के जवान ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरी और खटिया और रस्सी के सहारे सभी 6 लोगों को कुएं से निकाला।

 

Source : Agency

आपकी राय

13 + 3 =

पाठको की राय