Sunday, April 19th, 2026

सफाई मित्र सम्मान समारोह के साथ खत्म हुआ रांची का स्वच्छता अभियान

रांची

झारखंड में रांची नगर निगम ने 17 सितंबर से चलाए गए 'स्वच्छता ही सेवा' कार्यक्रम का समापन बीते गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के शुभ अवसर पर 'सफाई मित्र सम्मान समारोह' के साथ किया।

यह अभियान नगर निगम के संयुक्त प्रयास एवं जनता की भागीदारी से विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, जलाशयों, सड़कों, पार्क, नालियों आदि की सफाई में सफल रहा। कार्यक्रम रांची नगर निगम सभागार में आयोजित किया गया जिसमें सफाई मित्रों, सुपरवाइजरों तथा जोनल सुपरवाइजरों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सफाई मित्रों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और पीपीई किट भी प्रदान की गई। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उन लोगों की मेहनत और समर्पण को पहचानना था, जो लगातार स्वच्छता बनाए रखने में भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि 'स्वच्छता ही सेवा' कार्यक्रम का आज अंतिम दिवस है, परंतु यह सफाई का अंत नहीं है। हमें भविष्य में और बेहतर स्वच्छता बनाए रखने की प्रतिज्ञा करनी होगी ताकि रांची शहर और अधिक स्वच्छ और सुंदर बने।

गौरव ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में शामिल करें और शहर की सफाई में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि कूड़ा कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखना जरूरी है। ऐसा तभी संभव होगा जब हर नागरिक शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी जिम्मेदारी समझे। इस कार्यक्रम में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर, वॉर्ड सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे। पूरे स्वच्छता पखवाड़े के दौरान नगर निगम और जन-भागीदारी के माध्यम से शहर के सभी हिस्सों की सफाई की गई।

 

 

#Municipal Corporatio#Ranchi

Source : Agency

आपकी राय

11 + 15 =

पाठको की राय